मिशन स्वावलंबन के तहत उद्योग को दिया जाएगा बढ़ावा फिरोजाबाद। मिशन स्वावतलंबन के तहत उद्यमी भारत की ओर एक नया कदम की शुरुआत की गई है। जिसके अंतर्गत स्वावलंबन के कार्यक्रम अधिकारी अरविंद चौरसिया ने जनपद में कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि कोरोना महामारी के मद़देनजर प्रवासी कामगारों और बेरोजगार युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरुकता फैलाने के साथ ही सर्वेक्षण एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संस्था द्वारा जनपद में ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जो सही जानकारी एवं सहयोग के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित होकर व्यवसाय से नहीं जुड़ पा रहे है और भ्रमित होकर भटक रहे है। इन सभी समस्याओं के समाधान हेतु निशुल्क परामर्श एवं सहयोग का वीणा सामाजिक संस्था महिला प्रतिभा संमर्द्घन द्वारा उठाया गया है। जिसमें प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्वोग रोजगार योजना, उद्वमी मित्र, स्टैंड अप इंडिया पीएमईजीपी तथा अन्य सभी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में जानकारी देते हुए संस्था की कोषाध्यक्ष मधू शर्मा ने कहा कि इस दौर में जहां आम इंसान एक ओर आपदा से जूझ रहा है वहीं दूूसरी ओर उद्योग धंधे चौपट होने से भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। ऐसे में सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं को सही ढंग से समझाकर व्यवसायों में आने वाली दिक्कतों के समाधान जैसे कि रजिस्ट्रेशन, विभिन्न प्रकार के लाइसेंस, तथा पूंजीगत समस्याएं आदि का निस्तारण कर उनको जोड़ना है। इसके लिए संस्था द्वारा टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।