रंगों की दुनिया में आज रंगोली है, मतवाली रंग भरी होली है
हापुड़। लोहा उद्योग व्यापार मंडल हापुड़ की ओर से रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ महावीर वर्मा मधुर ने मां सरस्वती की वंदना से किया। पिलखुवा से आए डा. सतीश वर्धन ने पढ़ा ‘हमको अपनी जान से प्यारा हिन्दुस्तान हमारा है, भारत का वैभव देख रहा जग सारा है’। हिंदू-मुस्लिम, सिख-ईसाई योगदान इसमें सबका, हमने पाकिस्तान को देखो घर में घुस के मारा है।
विजय वत्स ने पढ़ा रंगों की दुनिया में आज रंगोली है, मतवाली रंग भरी होली है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महावीर वर्मा मधुर ने पढ़ा ‘होली का गुलाल हो, दोस्तों संग धमाल हो, सारी खुमारी उतर जाए जब पत्नी की मिस्ड कॉल हो’। क्षमा शर्मा ने पढ़ा ‘मत मिले न मिले दिल मिलाते रहो, दोस्तों के घर आते-जाते रहो’।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकेश कुमार अग्रवाल ने की। इस मौके पर विजेंद्र कुमार गर्ग, अरविंद गुप्ता, अनिल जैन, देवेंद्र शर्मा, नरेंद्र गर्ग, लक्ष्मण स्वरूप, अतुल गर्ग, सुरेश सिंहल आदि मौजूद रहे।