कंदौला, खैरपुर में मिले डेंगू के लक्षण वाले मरीज
हापुड़। सावधान! जिले में डेंगू ने दबे पांव दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में कंदौला और खैरपुर गांव में कई मरीजों में डेंगू लक्षण मिले हैं। उनके ब्लड जांच के लिए भेजा गया है। इन मरीजों को डेंगू निवारक उपचार दिलाया जा रहा है। वायरल के बाद डेंगू की भनक से लोगों में दहशत का माहौल है।
बीते वर्ष डेंगू और चिकनगुनिया ने मरीजों पर कहर बरपाया था। इस वर्ष स्वाइन फ्लू और वायरल के ज्यादा मरीज मिले। अब डेंगू ने धीरे से दस्तक दे दी है। इसका खुलासा स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में हुआ है।
कंदौला और खैरपुर में बढ़ते बुखार के प्रकोप की शिकायत पर मंगलवार को डेंगू प्रभारी शीशपाल सिंह ने टीम के साथ दोनों गांवों में कैंप लगाकर मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। जांच में अधिकांश मरीज बुखार से तड़पते मिले, इनके कई मरीजों में डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दिए।
डा. शीशपाल सिंह ने बताया कि संदिग्ध मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके ब्लड का सैंपल लेकर जांच के लिए परीक्षण लैब भेजा है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। प्रथम दृष्टा चिंहित मरीज डेंगू के संदिग्ध लग रहे है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन फानन में गांव में एंटी लार्वा अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है।