दोस्तों के साथ गया था नहाने, दरगाह शरीफ की घटना, परिजनों में मचा कोहराम
गढ़मुक्तेश्वर। नगर स्थित दरगाह शरीफ निवासी बच्चों के साथ तालाब में नहा रहे कक्षा 6 के छात्र की डूबने से मौत हो गई। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। दरगाह शरीफ निवासी अकरम सैफी फर्नीचर बनाने का काम करता है। उसका 13 वर्षीय पुत्र शाहरुख डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज में छठवीं की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार दोपहर को खेलने की बात कहकर पड़ोसी बच्चों के साथ घर से निकला था। खेल के दौरान ही साथियों के साथ शाहरुख गंगा मंदिर के नीचे स्थित तालाब में नहाने लगा।
छात्र तैरना नहीं जानता था, जिस कारण उसे तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वह गहरे पानी में डूबने लगा। शाहरुख को डूबता देख साथी चिल्लाते हुए बाहर निकले। इसपर पास ही रहने वाले माहेगीर समुदाय के लोग तालाब में उतरे लेकिन आधा घंटे के बाद उन्हें बालक का शव मिला। 8 भाई-बहनों में मृतक शाहरुख तीसरे नंबर का था। हादसे की खबर लगते ही चेयरमैन के पति हरीश पुरुषोत्तम, पूर्व चेयरमैन सोना सिंह, गफ्फार खां, डॉ. लताफत हुसैन, हक्कुल इस्लाम आदि पहुंच गए। लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी।
ईद की खरीदारी को गए थे माता-पिता
अकरम और उसकी पत्नी रुखसाना ईद की खरीददारी के लिए दिल्ली गए हुए थे। मोबाइल पर जैसे ही बेटी की मौत की खबर मिली रोत-बिलखते हुए घर आए।
इसी तालाब में पहले भी डूबे हैं बच्चे
यासीन फकीर की तीन पौत्रियों की करीब डेढ़ दशक पहले इसी तालाब में एकसाथ डूबकर मौत हुई थी। जबकि कुछ दिन बाद ही फैयाज माहेगीर का पुत्र नूर मोहम्मद भी तालाब में डूब गया था। यह भी बता दें कि मछली पालन के मकसद से कुछ लोगों ने करीब 2 माह पहले तालाब में जेसीबी से मिट्टी उठवा दी थी। इसके कारण बारिश होते ही तालाब पानी से लबालब हो गया। जानकारों कहना है कि तालाब के बीच में 7 फुट से भी अधिक पानी भरा हुआ है, जिससे बच्चों पर विशेष निगरानी की जरूरत है।