गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ के गांव लहडरा के क्रय केंद्र से चोरी हुआ कांटा न लगने से गुस्साए किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर दो दिन बाद डेहरा कुटी पर गढ़-बुलंदशहर रोड जाम करने कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
प्रधान अशोक चौहान, दुष्यंत चौहान, कटार सिंह का कहना है कि गांव लहडरा में लगे सिंभावली शुगर मिल के क्रय केन्द्र से करीब दो माह पहले कांटा चोरी हो गया था। जिसके स्थान पर अभी तक दूसरा कांटा न लग पाने से गन्ने की तौल प्रारंभ नहीं हो पा रही है। धर्मेन्द्र, मास्टर मनोज, गोलू, नरेन्द्र, अमरपाल का कहना है कि मिल का पेराई सत्र पहले ही करीब डेढ़ माह की देरी से प्रारंभ हो पाया है, परंतु दूसरा कांटा न लग पाने से किसानों को गन्ने की कटाई कर पाना संभव नहीं हो रहा है। जिससे गेहूं तथा सरसों की बुआई को लेकर होने वाली तैयारी भी प्रारंभ नहीं हो पा रही हैं, जबकि पछेती किस्म के गेहूं और सरसों की बुआई के लिए मात्र एक सप्ताह का समय ही अब शेष बच पाया है। वीरपाल, आवेश, उत्तम चौहान, उमेश कुमार, संजय कुमार का कहना है कि अगर दो दिनों के भीतर दूसरा कांटा लगाकर गन्ने की तौल चालू नहीं कराई गई, तो इसके विरोध में डेहरा कुटी पर गढ़-बुलंदशहर रोड पर जाम लगाकर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।