हापुड़। गन्ने का बकाया भुगतान, बिजली किल्लत समेत अन्य किसान समस्याओं को लेकर भाकियू ने एक बार फिर हुंकार भरी है। मासिक पंचायत में इन मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाते हुए पदाधिकारियों ने सपा सरकार को कोसते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष यशवीर सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद किसानों को गन्ना का बकाया पैसा नहीं मिल सका है। खाद, बीज,पानी के लिए किसान को इधर-उधर से पैसा मांगना पड़ रहा है। ब्लाक अध्यक्ष टेनपाल सिंह ने कहा कि बिजली किल्लत से फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। तहसीलाध्यक्ष कमल सिंह ने कहा कि तहसील में सुविधा शुल्क वसूलकर ही कार्य किया जा रहा है। रामपाल सिंह, जसवीर, कालीचरन शर्मा, सुखवीर सिंह, जगत सिंह, नरेंद्र आदि पदाधिकारियों का कहना है कि सपा सरकार के राज में अपराध बढ़ रहे हैं। सरकार हर मुद्दे पर विफल है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।