टीम देख दुकान बंदकर भागे झोलाछाप
हापुड़। मुरादपुर में आयुष्मान कैंप का निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी को झोलाछापों की दुकानें खुली मिलीं। उन्होंने तीन झोलाछापों को नोटिस थमाकर, दस्तावेज दिखाने के आदेश दिए हैं। साथ ही दुकान बंद कर भागे दो अन्य झोलाछापों को भी ट्रेस किया जा रहा है।
आयुष्मान योजना में शामिल पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने का अभियान चल रहा है। सोमवार को नोडल व एसीएमओ डॉ. केपी सिंह मुरादपुर में इस अभियान का सत्यापन करने पहुंचे थे। गांव में झोलाछापों की दुकानें खुली मिलीं, जो मरीजों को दवा बांट रहे थे।
मामले की गंभीरता पर डॉ. केपी सिंह ने मौके पर मिले तीन झोलाछापों को नोटिस थमा दिया। जबकि दो झोलाछाप अपनी दुकान बंद कर भाग गए। इन्हें भी ट्रेस किया जा रहा है। तीन दिन में जवाब तलब किया है, दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर सीलिंग कार्रवाई की चेतावनी दी है। बता दें कि इन दिनों स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाकर गढ़ में बड़ी संख्या में झोलाछापों की दुकानें बंद करायी हैं, गढ़ रोड पर सीएचसी के पास ही चल रहे एक अन्य अस्पताल को भी सील किया गया है।
नोडल डॉ. केपी सिंह ने बताया कि गलत तरीके से उपचार करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। अभियान चलाकर आगे भी झोलाछापों के प्रतिष्ठानों पर सील लगायी जाएगी। एफआईआर भी दर्ज करायी जाएगी।
--