सरावनी गांव के करीब 60 घरों में बीते एक सप्ताह से बिजली गुल है। गांव में लगा 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर काफी शिकायतों के बाद भी नहीं बदला गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया।
जल्द समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने निगम अफसरों के घेराव की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे 100 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर से करीब 60 घरों को आपूर्ति मिलती है।
ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर एक महीने में चार बार फुंक चुका है। कई बार निगम अफसरों से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पैसे मांग रहे हैं।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने निगम अफसरों से खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में रिजवान, अकरम, मोहम्मद शाहिद, नदीम, गुलशेर, मुस्तफा, चौधरी आकील आदि मौजूद रहे।
उप खंड अधिकारी दिपांशु सहाय ने बताया कि उन्हें इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाया जाएगा।