हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में अस्पताल रोड पर एक मेडिकल स्टोर के पास लावारिस बैग मिलने से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। बैग में आपत्ति जनक वस्तु न मिलने पर उसे दुकानदार के सुपुर्द कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल रोड में एक मेडिकल स्टोर के पास आंख, कान, गला विशेषज्ञ गुरुवार को मरीजों को परीक्षण कर उपचार करते हैं। गुरुवार को वहां पर मरीजों की भारी भीड़ लगी थी। तभी वहां पर एक बैग रखा लोगों को दिखा। मरीज और तीमारदारों ने एक दूसरे से बैग के विषय में पूछा तो सभी ने जानकारी न होने की बात कही।
विज्ञापन
बैग लावारिस होने की जानकारी होते ही वहां पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस टीम और विशेषज्ञ पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और बैग की जांच पड़ताल की । बैग में कोई आपत्तिजनक वस्तु न मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बैग में कुछ कपड़े और घरेलू सामान था, जिसे शायद कोई भूल गया था। बैग को मेडिकल स्टोर संचालक को सौंप दिया गया। मेडिकल स्टोर संचालक ने दुकान के बाहर ही टांग दिया कि उसके मालिक को बैग मिल जाए।