हरदोई। परदेश में नौकरी कर रहे पति के न आने से नाराज महिला ने जहर खाकर जान दे दी। महिला बच्चों के साथ घर पर रहती थी जबकि पति दिल्ली में काम करता है। एक अन्य घटना में आपसी विवाद में महिला ने जहर खा लिया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली शहर क्षेत्र के धन्नूपुरवा निवासी कल्लू दिल्ली में नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी सीता (30) अपने बच्चों के साथ रहती थी। परिवारी जनों ने बताया कि कल्लू घर आने वाला था लेकिन काम की वजह से नहीं आया। सीता ने सोमवार को घर पर ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। हालांकि सूचना मिलने पर सीतापुर के मिश्रिख निवासी मृतका के पिता मुन्नीलाल भी आ गए लेकिन उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं एक अन्य घटना में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ही धन्नूपुरवा निवासी पप्पू की पत्नी ऊषा (25) ने मंगलवार को घर में किसी बात को लेकर जहर खा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।