हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में एक व्यापारी की दुकान पर शाहजहांपुर पुलिस ने छापामार कर ढाई हजार बोरे बरामद किए।
सरकुलर रोड़ पर एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर शाहजहांपुर पुलिस ने रेलवे गंज चौकी प्रभारी यदुनंदन यादव के साथ मिल कर छापा मारा। उस व्यापारी के पास से पुलिस ने ढाई हजार बोरे बरामद किए। शाहजहांपुर पुलिस बोरे अपने साथ लेकर चली गई। घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार 27 जनवरी को शाहजहांपुर में एक बोरा व्यापारी के यहां से साढे़ पांच हजार बोरे चोरी हो गए थे। पुलिस ने वहां पर युवक को हिरासत में लिया था। उसने पूछताछ में बताया कि उसने हरदोई में भी बोरे बेचे हैं। निशानदेही पर शाहजहांपुर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि मुकदमा शाहजहांपुर में दर्ज है। उन्होंने छापामारी की पुष्टि करते हुए बताया कि शाहजहांपुर पुलिस बोरे अपने साथ ले गई है।