हरदोई। आंगनबाड़ी केंद्रों के ठंडे पड़े चूल्हों को जलाने को शासन ने तो धनराशि के आहरण के आदेश दे दिए, पर जिले के चार ब्लाकों पर अभी भी भोजन बनने में समय लगेगा। चार सीडीपीओ ने अभी तक अपने ब्लाक के अंतर्गत राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता ही नहीं खुलवाया है, जिससे धनराशि स्थानांतरित नहीं हो रही। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सीडीपीओ को कार्रवाई की चेतावनी दी।
शासन ने भले ही हाटकुक्ड पर लगी रोक को हटा दिया हो और विभाग को धनराशि आहरण के निर्देश दे दिए हों, पर जिम्मेदारों की लापरवाही इस कदर है कि हाटकुक्ड की राशि अभी केंद्रों तक पहुंचने में थोड़ा समय लग जाएगा। जिले के चार ऐसे ब्लाक परियोजना कार्यालय हैं, जहां अभी तक राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता हीं नहीं खुला है। शासन से धनराशि आहरण के निर्देश के बाद भी इन ब्लाकों में धनराशि का स्थानांतरण नहीं हो सकेगा और भोजन के लिए बच्चों को अभी थोड़े दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
ज्ञात हो कि हाटकुक्ड की राशि ई पेमेंट से ही स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। जिसके लिए केंद्र की कार्यकत्री व मातृ समिति अध्यक्षा का संयुक्त खाता राष्ट्रीयकृत बैंक में होना जरूरी है। जिले की 20 परियोजनाओं के अंतर्गत 16 परियोजनाओं में तो बैंक में खुल चुके हैं, पर मल्लावां, माधौैगंज, शाहाबाद व संडीला में अभी तक खाते नहीं खुले हैं। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार ने मल्लावां सीडीपीओ लाची देवी, माधौगंज सीडीपीओ प्रभावती अस्थाना, शाहाबाद सीडीपीओ मीना मिश्रा तथा संडीला सीडीपीओ विजय तिवारी को चेतावनी दी और 15 दिन में खाता खुलवाने के निर्देश दिए।