हरदोई। सितंबर 2012 से अब तक मजदूरी न मिलने के कारण आखिरकार मजदूरों में शुक्रवार को उबाल आ ही गया। कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे मजदूरों ने न सिर्फ नारेबाजी की, बल्कि सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप कर राजकीय कृषि प्रक्षेत्र शोध केंद्र के जिम्मेदारों पर मजदूरी देने के सापेक्ष पचास प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप भी लगा डाला।
कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे अयोध्या प्रसाद, शांती प्रसाद, राजेंद्र आदि ने बताया कि उन जैसे तीन दर्जन से अधिक मजदूर रोज कमाने और अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले हैं। वह लोग राजकीय कृषि प्रक्षेत्र शोध केंद्र हरदोई व राजकीय कृषि प्रक्षेत्र ऊसर सुधार सराय मारूफपुर संडीला प्रक्षेत्र में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन लोगों का आरोप है कि माह सितंबर 2012 से अभी तक उपकृषि निदेशक शोध स्तर से भुगतान नहीं दिया गया है। जिससे अब उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
ज्यादा कहने पर उनसे कमीशन की बात की जाती और उसके बाद भुगतान कराने का आश्वासन दिया जाता है। इसके बाद मजदूरों द्वारा नारेबाजी की गई और ज्ञापन डीएम को संबोधित सिटी मजिस्ट्रेट अशोक शुक्ला को सौंप भुगतान बिना कमीशन के दिलाने की मांग की गई। इस मौके पर राजेंद्र, रहीसन, रहमुतन, महरून, गीता, सोनू, भइयालाल, रमेश, ओमप्रकाश, मिही लाल, हेमराज, पंकज आदि मौजूद थे।