हरदोई। बेहटा गोकुल क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में आग लगने से मौत हो गई। घटना से घर में परिजनों की चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
बेहटा गोकुल क्षेत्र के ग्राम शिरोमणि नगर निवासी सोमवती (40) पत्नी राजेंद्र सोमवार की देर रात आग लगने से झुलस गई थी। आग लगने से घर में हड़कंप मच गया। जैसे तैसे परिजनों ने आग बुझाई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पुत्र पंकज ने बताया उसकी मां का सोमवार को व्रत था, इसलिए वह आरती करने कमरे में गई, जहां आरती का दीपक पलटने से आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। मृतका के भाई गयालाल निवासी बिलग्राम का कहना था कि उसकी बहन का पंकज की पत्नी के साथ कुछ विवाद हुआ था। उसी के चलते यह घटना हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। उधर, बघौली क्षेत्र में मारपीट मेें घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्राम उमरपुर निवासी संतोष (30) पुत्र रामप्रसाद 28 अप्रैल को गांव में हुए विवाद में घायल हो गए थे, उन्हें इलाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार की रात मौत हो गई। मृतक के भाई अवधेश ने बताया कि 28 अप्रैल को गांव निवासी ओमप्रकाश और भूरा उसके दरवाजे पर शराब के नशे में गाली गलौज कर रहे थे। इस पर संतोष ने मना किया तो उन लोगों ने लाठी-डंडों से प्रहार कर घायल कर दिया। उसे इलाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर, बेहटा गोकुल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के दौरान घायल वृद्धा की मौत हो गई। ग्राम बम्हनापुर निवासी राम देवी (65) पत्नी सहजादे सोमवार को खेत के पास सड़क किनारे बैठी हुईं थी। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक ने उनको टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की देर रात मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
इंसेट---
युवक का शव संदिग्ध हालात में लटका मिला
टड़ियावां। थाना क्षेत्र में अपने मामा के घर आए युवक का शव गांव के बाहर संदिग्ध हालत में लटकता मिला। ग्राम शंख पुरवा मजरा अटवा कटैया के गांव के पश्चिम बबूल के पेड़ में मझिला के ग्राम बरखेरवा निवासी फूल चंद्र के पुत्र अनंगपाल (18) का शव लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के चाचा अमर प्रकाश की ओर से थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका भतीजा पांच दिन पूर्व ही अपने मामा के घर आया था। उन्होंने आशंका जाहिर की कि उसके भतीजे की हत्या कर दी गई है। उन्होंने शंख पुरवा निवासी दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस बाबत एसओ बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट---
छतैयां में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
पिहानी (हरदोई)। छतैयां गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह छतैयां गांव निवासी पिंटू की पत्नी बबली (22) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने बताया कि उन्हें मंगलवार की सुबह मौत होने की सूचना दी गई। इससे मामला उन्हें संदिग्ध लग रहा है। मृतका की मां रामदेवी पत्नी खुशीराम निवासी देवरिया थाना पिसावां सीतापुर ने बताया कि लगभग एक माह पहले विदाई को लेकर पति पिंटू आनाकानी कर रहा था। फोन पर कहने के बात मायके वालाें ने ही बबली को ससुराल पहुंचा दिया और इसके बाद मंगलवार को मौत की सूचना ही मिली। मौके पर पहुंचे एसआई एमपी सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
इंसेट---
मारपीट की घटनाओं में चार लोग घायल
हरदोई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। सुरसा क्षेत्र के ग्राम जगतपुरवा निवासी सोनी (20) पुत्री रामचंद्र, उसके भाई भैयालाल (15) और मां सदाप्यारी (40) को गांव निवासी राजेंद्र, विमलेश, दीपू आदि ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। सोनी ने बताया कि राजेंद्र घर के बाहर चारपाई पर लेटा था। इसी बीच उसकी बकरी चारपाई के पास पहुंच गई और चारपाई पर चढ़ गई। इसी से खफा हो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। सूचना पुलिस को दी गई। इधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक निवासी भूप सिंह (50) पुत्र देवी सिंह उस समय घायल हो गए, जब उसके पुत्र श्यामू अपनी पत्नी को पीट रहा था, उसने मना किया र्तो इंट चला दी। इससे भूप सिंह घायल हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।