हरदोई। सांडी रोड स्थित उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लोें में बिजली आपूर्ति की समस्या को दूर करने को उपकेंद्र पर पुरानी मशीनों के स्थान पर नई मशीनें लगाने का काम शुरू कर दिया गया। पुरानी ओसीबी मशीनों के स्थान पर नई वीसीबी मशीनें लगाई जा रही हैं। मशीनों को बदलने से सांडी रोड उपकेंद्र पर शुक्रवार को दिनभर आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगाें को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
शहर के सांडी रोड पर स्थित उपकेंद्र से सदर बाजार समेत वैटगंज, आलू थोक, सराय थोक, मुन्नेमियां चौराहा, बिलग्राम चुंगी, कृष्ण नगरिया, राम नगरिया, चौहान थोक, ऊंचा थोक, बाबा मंदिर आदि मोहल्ले रोशन होते हैं। इन मोहल्लों में बढ़ते लोड से आए दिन बिजली गुल हो जाती है। वहीं ओसीबी मशीनों के आए दिन खराब होने और पावर कट न होने पर हादसों की संभावना भी बढ़ रही थी। अब बिजली विभाग उपकेंद्र पर लगी ओसीबी के स्थान पर वीसीबी मशीन लगा रहा है और उपकेंद्र पर काम शुरू करवा दिया गया है। शहर एसडीओ सत्येंद्र पांडेय व एसडीओ पंकज भारती के निर्देशन में उपकेंद्र पर बीते दो दिन से बाहरी रूप से कार्य कराया जा रहा था।
अब शुक्रवार को ओसीबी मशीन के स्थान वीसीबी मशीन लगाना शुरू करा दिया गया। इससे सांडी रोड उपकेेंद्र के संबंधित मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही, जिससे लोगों का गर्मी के मारे बुरा हाल रहा। एसडीओ ने बताया कि वीसीबी मशीन लगाने का 50 फीसदी काम पूरा हो गया है, जबकि शेष काम आगामी दिनों में जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मशीन को लगाने के लिए भी आपूर्ति बंद की जाएगी, पर बीच में आपूर्ति दी जाती रहेगी।