हरपालपुर (हरदोई)। कसबे में जर्जर विद्युत तार व ट्रांसफार्मर के कारण होने वाली घटनाओं के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। विरोध करने पर पुलिस ने एक बसपा नेता को हिरासत में ले लिया। जिसे बाद में छोड़ दिया गया। इससे कसबे में पूरे दिन महौल काफी गर्म है।
कसबे में रोडवेज बस स्टैंड और प्राइवेट बस स्टैंड के बीच रखे ट्रांसफार्मर के केबिल जर्जर हो चुके हैं। इसके साथ 11 हजार लाइन के विद्युत तार भी जर्जर हैं। इससे आए दिन तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं। ट्रांसफार्मर की खुली केबिल के कारण भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती हैं। सोमवार को एक बार फिर जर्जर तार टूट कर सड़क पर गिर पड़ा। इससे लोगोें का आक्रोश भड़क उड़ा। सैकड़ों लोग चिलचिलाती धूप में सड़क पर उतर आए और हंगामा करने लगे। बिजली कर्मियों के पहुुंचने पर उन्हें तार भी नहीं जोड़ने दिया।
ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन देख बसपा नेता आफाक हुसैन उन का नेतृत्व करने लगे। जब काफी देर तक हंगामा होता रहा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने मौके पर पहुंच कर बसपा नेता आफाक हुसैन को हिरासत में ले लिया और थाने ले आए। कसबे में हो रहे हंगामे की सूचना सांसद ऊषा वर्मा, सपा नेता पद्म राग सिंह पम्मू और विधायक रजनी तिवारी को दी गई। सभी नेताओं के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हुआ। इस संबंध में जेई हरि दीपक यादव ने बताया कि केबिल उपलब्ध नहीं थी, इस कारण तार जोड़ने में विलंब हुआ।
इस बाबत थानाध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि बसपा नेता आफाक हुसैन मूड में हंगामा कर रहे थे। इसलिए उन्हें थाने लाया गया था। शाम को उनको छोड़ दिया गया। पूरे दिन चले हंगामे के कारण आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।