हरदोई। कुपोषण से जंग लड़ने के लिए जून महीने को बाल स्वास्थ्य एवं पोषण माह के रूप में मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाआें का निरीक्षण व बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाकर किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने को जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी ब्लाक विकास परियोजना अधिकारी व सुपरवाइजरों को निर्देशित कर दिया और माह समाप्त होने से पूर्व सभी केंद्रों के निरीक्षण की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बाल विकास विभाग प्रत्येक वर्ष कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य लाभ के लिए जून माह को बाल स्वास्थ्य एवं पोषण माह के रूप में मनाता है। इस माह के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की विशेष देखभाल की जाती है और कुपोषित बच्चों को दोगुना पोषाहार, दवाईयां व प्रशिक्षण दिलाया जाता है। इसी को लेकर बाल विकास विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियाें ने बैठक कर रूपरेखा तैयार की है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर वृहद स्तर पर अभियान चलाकर निरीक्षण करने के निर्देश सभी ब्लाक परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजरों को दिए गए हैं। इसमें बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति तो जानकारी जुटाई ही जाएगी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिलने वाले मानदेय के बारे में जानकारी की जाएगी, साथ ही उनके एरियर पर भी रिपेार्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी रिपेार्ट तैयार करने और मई माह के अंत तक सूचना मुख्यालय पर देने के निर्देश दिए हैं ताकि जून में होने वाले स्वास्थ्य एवं पोषण माह को बेहतर ढंग से संचालित कराया जा सके।