हरदोई। विकास खंड शाहाबाद के समग्र ग्राम में विकास कार्याें की पोल आखिरकार खुल ही गई। यहां जिम्मेदार घटिया कार्य करा रहे हैं। सीडीओ ने गांव का दौरा कर विकास कार्यों की हकीकत परख कर संपर्क मार्ग, सीसी रोड तथा केसी ड्रेन के घटिया निर्माण कार्य में दोनों संस्थाओं के एक्सईएन, आरईएस अवर अभियंता और ठेकेदार को नोटिस दी है। साथ ही निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने गांव में हो रहे समस्त निर्माण व विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
सीडीओ ने विकास खंड शाहाबाद के समग्र ग्राम गौहनिया का निरीक्षण किया। यहां पीएमजीएसवाई से बनाए जा रहे संपर्क मार्ग की हालत देखकर नाराज हो गए। संपर्क मार्ग के निर्माण में प्रथम दृष्टया घटिया सामग्री का प्रयोग होना प्रतीत हुआ। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण में लेबिल का ध्यान न देने की शिकायत की, जिससे पुलिया अनुपयोगी साबित हुई। मार्ग पर जगह-जगह बजरी उखड़ी मिली। इस पर सीडीओ ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर शासन को तकनीकी जांच को लिखा है। इसी प्रकार गांव के 671 मीटर सीसी रोड एवं 1322 मीटर केसी ड्रेन निर्माण का लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 150 मीटर सीसी रोड का निर्माण पाया गया। इसकी गुणवत्ता भी खराब पाई गई। बाक्सिंग की ईंटें ठोकर मारते ही उखड़ रही थीं। सीडीओ ने आरईएस एक्सईएन को कार्य प्रभारी जेई गोविंद त्रिपाठी तथा संबंधित ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्हाेंने स्वच्छ शौचालय, इंदिरा आवास तथा लोहिया आवास के अतिरिक्त मनरेगा के अंतर्गत संतरहा में बन रहे तालाब पर कार्यरत छह महिला 29 पुरुष और एक मेट की कार्यशैली को परखा। इस दौरान बीडीओ विनोद कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त बीडीओ जनकसुता, ग्राम प्रधान अधिकारी प्रेमकांत मिश्र, ग्राम पंचायत अमलकांत व लेखपाल हरीशंकर भी मौजूद रहे।