हरदोई। आधार कार्ड बनवाने से वंचित लोगों को फिर मौका मिल सकेगा। यूनिक आईडी आधार कार्ड के लिए अब ज्यादा परेशान भी नहीं होना पड़ेगा। जिसके लिए केंद्र सरकार ने कार्ड जारी करने को बैंकों से एनरोलमेंट नंबर जारी करने का आदेश दिया है।
पहचान को नया आधार देने को केंद्र सरकार ने आधार कार्ड जारी करना शुरू किया। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने अभी कुछ समय पहले प्रक्रिया तो शुरू की, पर बाद में बंद कर दी। हालांकि, पहले बनाए गए आधार कार्डों को मान्यता है, पर कई लोग हैं जिनको आधार कार्ड को रजिस्ट्रेशन नहीं हो सके। ऐसे में राज्य योजना आयोग ने बैंकों से आधार कार्ड को एनरोलमेंट जारी करने के निर्देश दिए है। प्राधिकरण ने प्रदेश में योजना के कार्यान्वयन को लेकर राज्य योजना आयोग नियोजन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। जिन्होेंने जिले में लोगों को यूनिक आईडी जारी करने को बैंकों से एनरोलमेंट नंबर जारी करने का दायित्व सौंपा है।
आधार कार्ड जारी करने को सीमित समयावधि में जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। एनरोलमेंट नंबर जारी करने को जिले की सभी बैैंकों को शामिल किया गया है। प्रमुख सचिव संजीव मित्तल द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि एनरोलमेंट नंबर जारी करने की जिम्मेदारी इलाहाबाद बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ इंडिया, कैनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, कारपोरेशन बैंक, आईडीबीआई बैंक, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, लाइफ इंश्योरेंस कारपोरेशन आफ इंडिया, विजया बैंक, ओरिएंटल बैंक आफ कामर्स, स्टेट बैंक, सिंडीकेट बैंक, यूनाइटेड बैंक और यूनियन बैंक को नान स्टेट रजिस्ट्रार नामित कर जिम्मेदारी दी गई।
उधर, यूनिक आईडी कार्ड बनाने को प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख सचिव ने मंडलायुक्त को रजिस्ट्रार नामित करते हुए डीएम को संयुक्त रजिस्ट्रार नामित किया है। साथ ही बैंकाें के माध्यम से एनरोलमेंट नंबर जारी कर आधार कार्ड बनाने की कवायद शुरू करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, चुनाव में अफसर व्यस्त हैं, ऐसे में चुनाव बाद ही कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।