हरदोई/बेनीगंज। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में शुक्रवार को बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित रेलवे फाटक के निकट फ्लाइंग मजिस्ट्रेट की टीम ने भाजपा प्रत्याशी अंशुल वर्मा के वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें दो लाख की नगदी बरामद हुई।
पूछताछ में गाड़ी में मौजूद युवकों ने नगदी बैंक से निकालने की बात कही, पर कोई साक्ष्य मुहैया नहीं करा सके । फ्लाइंग मजिस्ट्रेट ने नगदी और युवक को कोतवाली भेज दिया। बेनीगंज क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास फ्लाइंग मजिस्ट्रेट प्रदीप गौतम, दारोगा जगदीश कुमार टीम के साथ वाहनों की तलाशी ले रहे थे। शाम 4 बजे प्रतापनगर से बेनीगंज की ओर जा रही इनोवा को टीम ने रुकवाया तो बताया गया कि भाजपा का प्रचार वाहन है। गाड़ी की तलाशी में में अंदर बैठे सुजीत कुमार ने बताया कि यह रुपये पीएनबी की शाखा से निकालकर लखनऊ प्रचार सामग्री लेने जा रहे हैं। इस पर फ्लाइंग मजिस्ट्रेट ने बैंक की चिट अथवा चेक आदि मांगी तो वह नहीं दिखा सके।
उन्होंने कहा कि वह रजिस्टर दिखाएं, जिस पर निकासी का लेखा जोखा दर्ज किया गया। इस पर सुजीत प्रपत्र आदि लेने बैंक चले गए। फ्लाइंग मजिस्ट्रेट ने बरामद नगदी और गाड़ी में मौजूद दूसरे युवक सुरेंद्र को कोतवाली भेज दिया। कोतवाल शिवओम हरि गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्र ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी अंशुल वर्मा की ओर से सांसद के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत के मामले में अभी तक कोई जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। इस बाबत उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को रिमांडर भेजकर जांच रिपोर्ट की कापी मांगी है।