हरदोई। चुनावी महापर्व का जोश व जुनून अब उठान पर पहुंच चुका है। खासकर हरदोई सीट के प्रत्याशी वोटरों को रिझाने को अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं, तो सरकारी मशीनरी भी अपनी तैयारियों की रिहर्सल करने में लग गई है। चुनावी महापर्व में हरदोई लोस सीट के लिए मतदान महज तीन दिनों के फासले पर रह गया है। चौथे दिन यानी 24 अप्रैल को क्षेत्र के 1200 से ज्यादा बूथों के बाहर सुबह से ही वोटरों के कदमों की आहट साफ सुनाई देनी लगेगी।
हरदोई सीट के लिए मतदान छठे चरण के चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 24 अप्रैल को होना है। रविवार का दिन निकलने के बाद मतदान से पूर्व मात्र तीन दिन 21, 22 एवं 23 अप्रैल ही शेष हैं। इसके अलावा वोटरों के क्षेत्र में जाकर रिझाने का समय प्रत्याशियों के पास सिर्फ 22 अप्रैल तक का है, जिसके बाद प्रचार पूरी तरह से थाम दिया जाएगा, इसीलिए इन बचे हुए दो से तीन दिनों में ही प्रत्याशी पूरी ताकत को झोंकने में लगे हुए हैं। सूत्रों की माने तो अबकी प्रत्याशियों व उनके समर्थक दिन होने का भी इंतजार नहीं कर रहे और क्षेत्रों में डेरा डाले हुए हैं। वोटरों को इस दौरान प्रत्याशियों द्वारा दावों व वादों की पोटली थमाने का क्रम जोरों पर जारी है। तो प्रशासनिक व्यवस्था भी अब लगभग तैयारियां पूरी होने का दावा करने लगी है।
कुल मिलाकर 24 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर जिले के 1234 मतदान केंद्र व 1769 मतदेय स्थलों को लगभग 17 लाख वोटरों के आने का बेसब्री से इंतजार है। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों का अपने बूथों पर पहुंच कर जायजा लेने का क्रम शुरू हो गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम विजय गुप्ता ने बताया कि तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। उनकी समीक्षा की जाने लगी हैं। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को क्षेत्र में भौतिक सत्यापन को भेजे जाने लगे हैं, तो प्रेक्षक व जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तैयारियों की समीक्षा भी की जाने लगी है।
इंसेट---
22 की शाम छह बजे बंद हो जाएगा प्रचार
हरदोई। हरदोई लोस सीट पर काबिज होने को वोटरों के बीच दौड़ लगा रहे दावेदारों व उनके समर्थकों के बीच प्रचार करने को चंद घंटे ही शेष बचे हैं। आयोग के निर्देश पर 24 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर 22 अप्रैल की शाम छह बजे से ही चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाएगा। 31 हरदोई लोस सीट के तहत आने वाली पांच विस सवायजपुर, शाहाबाद, हरदोई, गोपामऊ, सांडी क्षेत्रों में 22 अप्रैल की शाम छह बजे से प्रचार बंद हो जाएगा। इन्हीं विस 17 लाख से ज्यादा वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे निर्देशों में कहा गया कि चुनाव प्रचार बंद करवाने में भी किसी तरह की कोई ढिलाई न बरती जाए। सुनिश्चित करवा लिया जाए कि क्षेत्र में कोई बाहरी तत्व न रह जाए। सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी जाए। कहा गया कि राजनीतिक प्रचारक, समर्थक जो संबंधित क्षेत्र के वोटर न हाें, वह छह बजे के बाद क्षेत्र को छोड़ दें, जिसके बाद क्षेत्र में कोई बाहरी तो नहीं है, यह पुलिस प्रशासन सुनिश्चित करें।
इंसेट---
प्रचार थमने के बाद खोजे जाएंगे बाहरी तत्व
हरदोई। आयोग द्वारा हरदोई लोस क्षेत्र के 24 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए जिला प्रशासन को दिशा निर्देश देने का कार्य जोरों पर जारी है। 22 अप्रैल की रात से ही हरदोई क्षेत्र के सामुदायिक केंद्र, लाज व गेस्ट हाउस सहित जहां कहीं भी बाहरी लोगों का ठहराव संभव है, वहां तलाशी ली जाएगी। पुलिस-प्रशासन को भेजे निर्देशों में आयोग द्वारा कहा गया कि हरदोई लोस क्षेत्र में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि क्षेत्र में कोई बाहरी ऐसा कोई व्यक्ति तो नहीं है, जो क्षेत्र का वोटर न हो। इसकी पड़ताल सरकारी मशीनरी को करनी है। चेक पोस्ट व बैरियर पर लगी ड्यूटियों के सुरक्षा कर्मियों क ो अलर्ट किया जाए। सीमा में प्रवेश करने वालों पर नजर रखी जाए। निर्देशों के बाद जिले के पुलिस प्रशासन द्वारा भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि 22 अप्रैल की रात से ही होटल आदि खंगालने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इंसेट---
हरदोई लोस सीट के विस, मतदान केंद्र
सवायजपुर विस क्षेत्र-मतदान केंद्र-307, मतदाता-3,61,402, शाहाबाद-261-3,31,779, हरदोई-196- 3,70,624, गोपामऊ-238-3,19,848, सांडी-232-3,04,409
इंसेट---
ट्रक स्वामी तिरपाल भी मुहैया कराएंगे
हरदोई। नगर मजिस्ट्रेट मनोज सिंघल ने बताया कि लोस चुनाव के लिए जनपद की समस्त बस, मिनी बस, ट्रक, मिनी ट्रक तथा जीप, टैक्सी कार, जीप अधिग्रहीत करते हुए उनके अधिग्रहण आदेश वाहन स्वामियों को नियत तिथि स्थान व समय प्राप्त कराए जा चुके हैं। ट्रक स्वामी यह ध्यान रखें कि ट्रक के साथ तिरपाल भी मुहैया कराएं। नियत तिथि, समय व स्थान पर न प्राप्त होने इसे निर्वाचन कार्य में व्यवधान माना जाएगा।