हरदोई। विभागों में संचालित योजनाओं से लाभान्वित पात्रों का ब्योरा अब एनआईसी पर भी देखने को मिल सकेगा। लाभार्थियों का डिजिटलाइजेशन कर एनआईसी की साइड पर फीड करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें लाभार्थियों का डाटा राजस्व ग्राम व नगरीय क्षेत्र में वार्ड के अनुसार फीड रहेगा।
शासन ने लाभार्थियों का आकलन करने में हो रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए फीडिंग के निर्देश दिए हैं। ग्राम्य विकास आयुक्त ने विभागावार फीडिंग कराने को पत्र जारी कर दिया। शासन से संचालित तमाम योजना का ब्यौरा और उनके लाभार्थियों की जानकारी तो वैसे ही मिल जाती है, पर लाभार्थियों के पते का पूर्ण विवरण न होने से अधिकारियों के सामने उनके आकलन की समस्या आती रहती है। ऐसे में अब लाभार्थियों के आकलन में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए शासन ने योजना के लाभार्थियों का विभागवार डिजिटलाइजेशन करने का निर्णय लिया है। बताते चलें कि प्रदेश सरकार द्वारा लैपटाप वितरण योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना, कन्या विद्या धन योजना, हमारी बेटी उसका कल योजना तथा पढे़ बेटी बढ़े बेटी योजना संचालित हो रही है।
बताया गया कि विभागों द्वारा मौजूदा समय में अधिकांश योजना के लाभार्थियों का डिजिटल रूप (आन लाइन/आफ लाइन) में विवरण रखने के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व ग्राम व नगरीय क्षेत्र में वार्ड को स्पष्ट रूप से फील्ड के रूप में अलग से इंगित नहीं किया गया है। जिस कारण से लाभार्थियों का आकलन करने में परेशानी आ रही है। जिसको लेकर ही अब ग्राम्य विकास आयुक्त एचएल गुप्ता ने लाभार्थियों का पूर्ण विवरण विभागवार फीड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समस्त योजनाओं के लाभार्थियों के साथ ही समाजवादी पेंशन समेत अन्य पेंशन लाभार्थियों की सूचना डिजिटल करने व पते के विवरण के साथ राजस्व ग्राम व नगरीय क्षेत्र के वार्ड की सूचना अलग फील्ड में रखने के निर्देश दिए। इस संबंध में सीडीओ ने चयनित लाभार्थियों का पूरा ब्योरा एनआईसी पर फीड कराने को अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया।