हरदोई। अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूल में एक बार फिर वर्चस्व की लड़ाई में प्रबंधक और प्रधानाचार्य के बीच हुए विवाद में प्रधानाचार्य कक्ष सीज कर दिया गया और कार्य पर रोक लगाते हुए कमेटी गठित की गई है। इससे कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
ज्ञात हो कि शहर के एक अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय वेणी माधव बालिका पीठ इंटर कालेज में प्रधानाचार्य के सेवानिवृत्त होने के बाद विगत शिक्षा सत्र के आरंभ होने पर वरिष्ठ लेक्चरर मीता मुखर्जी को विद्यालय के प्रधानाचार्य का दायित्व मिला था। उनके चार्ज लेने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई शुरू हुई, जो विद्यालय के प्रबंधक के खास कुछ टीचरों को रास नहीं आई। उन लोगों ने प्रबंधक को विद्यालय प्रधानाचार्य के विषय में गलत सूचनाएं देना शुरू कर दिया, जिससे प्रबंधक और प्रधानाचार्य के बीच मन मुटाव बढ़ाता गया, जो एक दिन विद्यालय में परिसर में दोनों के बीच हुई नोकझाेंक के बाद सामने आ गया।
नोकझोंक के बाद प्रबंधक अनुज अग्रवाल की ओर से शहर कोतवाली में प्रधानाचार्य और महिला टीचरों के विरुद्ध तहरीर दी गई। प्रधानाचार्य मीता मुखर्जी ने भी अपने बचाव में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी से मिलकर व्यथा सुनाई। जिसकी जांच चल रही थी। विद्यालय में चल रहे विवाद के चलते शनिवार को विद्यालय में प्रधानाचार्य के कक्ष को सीज कर दिया गया और प्रधानाचार्य को भी कार्य करने से रोक दिया गया। विद्यालय प्रबंधक अनुज अग्रवाल ने बताया कि महिला टीचरों और प्रधानाचार्यों के बीच हुए विवाद के कारण कक्ष का सीज कर दिया गया है और प्रधानाचार्य को कार्य करने से वंचित कर दिया गया है।
उनके स्थान पर वरिष्ठ प्रवक्ता को प्रधानाचार्य का दायित्व दिया गया है। वहीं मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। इस घटना बाद से टीचरों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।