हरदोई। जिले में दीपावली पर पटाख्ााों से होने वाले हादसों को रोकने को पुलिस-प्रशासन ने इस ओर सख्त रुख अख्तियार किया है। जिले में स्थायी व अस्थाई लाइसेंस धारक मानक से ज्यादा आवाज वाले पटाकों की बिक्री नहीं कर सकेंगे, वहीं अधिक मात्रा में भी भंडारण नहीं हो सकेगा। जिस क्षेत्र में हादसा होता है, तो उस थाना प्रभारी पर भी गाज गिरेगी।
ज्ञात हो कि जिले में दीपावली के त्योहार के मद्देनजर भारी मात्रा में आतिशबाजी बनाने का काम शुरू हो गया। एएसपी पश्चिमी दिनेश त्रिपाठी ने इस बाबत निर्देश जारी किए है। उन्होंने सभी एसओ को निर्देशित किया कि वह क्षेत्र की स्थायी व अस्थाई लाइसेंसधारकों की जांच कर भंडारण और आतिशबाजी के निर्माण स्थान का जायजा लें। कोई भी निर्माण कार्य आबादी के अंदर नहीं होने दिया जाए। भंडारण की व्यवस्था भी मानक के अनुरूप रहे। इसके अलावा प्रतिबंधित और मानक से अधिक आवाज वाले पटाकों की बिक्री न होने दी जाए।
आतिशबाजी को लाने ले जाने वाले वाहनों की भी सख्ती से जांच की जाए। जिले में वाहनों में आतिशबाजी ले जाने से भी दुघर्टनाएं हो चुकी। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में विगत वर्षों में आतिशबाजी से घटनाएं हुई हैं। उन पर विशेष चौकसी रखी जाए। कहा कि जिस भी क्षेत्र में निर्धारित मानक के विपरीत आतिशबाजी की ब्रिकी होती मिली या उस क्षेत्र में कोई घटना होती है, इसके लिए क्षेत्र के थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। उनको भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए प्रतिदिन शाम को दुकानों की जांच कर त्योहार तक लगातार सूचना प्रदान की जाए। इसमें लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।