हरदोई। विद्यालयों में निर्माण कार्य कराने के लिए सांसद व विधायक से निधि लेने और बाद में कार्य न कराने पर दो वित्त विहीन विद्यालयों के प्रबंधकों पर कार्रवाई की गई। निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य न कराने पर परियोजना निदेशक ने एक विद्यालय से धनराशि की वसूली करने के निर्देश दिए, जबकि दूसरे विद्यालय स्पष्टीकरण तलब किया है।
शाहाबाद के बरूआ स्थित महाजन कालिका प्रसाद इंटर कालेज में निर्माण के लिए 1.80 लाख रुपये मिले। निर्माण कार्य का सहायक अभियंता डीआरडीए ने 19 दिसंबर 2015 को विद्यालय का निरीक्षण किया। निर्माण न होने पर प्रबंधक को नोटिस दी गई और स्पष्टीकरण के बाद 25 दिन में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। 22 फरवरी 2016 को सहायक अभियंता ने दोबारा निरीक्षण किया, लेकिन समय मिलने के बाद भी काम नहीं कराया।
इस पर परियोजना निदेशक प्रदीप यादव ने एक सप्ताह में धनराशि को ब्याज सहित जमा करने के निर्देश दिए, अन्यथा की स्थिति में राजस्व कर्मियों से वसूली कराने के निर्देश दिए। उधर, गुरु गोरखनाथ गर्ल्स इंटर कालेज के प्रबंधक ने भी सांसद निधि से विद्यालय में फर्श और प्लास्टर निर्माण को तीन लाख रुपये स्वीकृत कराए। प्रथम व द्वितीय किश्त में 2.55 लाख रुपये ले लिए और तीसरी किस्त की मांग की।
नियमानुसार आगणन के अनुसार निर्माण कराने के बाद तीसरी किस्त की मांग की जानी थी लेकिन अभी फर्श व प्लास्टर नहीं कराया गया। ऐसे में परियोजना निदेशक ने विद्यालय प्रबंधक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण निर्माण की फोटोग्राफ सहित एक सप्ताह में देने के निर्देश दिए, जबकि अन्यथा की स्थिति में वसूली की कार्रवाई की चेतावनी दी।