सादाबाद। विद्युत विभाग द्वारा बकाएदारों के खिलाफ दर्ज की जा रही बिजली चोरी की एफआईआर और जमकर की जा रही विद्युत कटौती को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने विद्युत विभाग के एक्सईएन को तलब कर लिया उन्हें जमकर खरीखोटी सुनाई। सपा नेता का पारा तब हाई हो गया जब उनसे किसानों ने शिकायत की कि गांव झगरार में 72 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उन्होंने कड़े तेवरों में एक्सईएन से एफआईआर को वापस लेने और क्षेत्र के लोगों को 20 से 22 घंटे बिजली देने को कहा।
बिजली को लेकर कस्बा व क्षेत्र के लोगों में उबाल है। जमकर हो रही बिजली कटौती से एक ओर जहां आलू किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं तो वहीं किसानों और आम उपभोक्ताओं पर बकाए के कारण बिजली चोरी की एफआईआर तक दर्ज कराई जा रही है। इससे किसानों में भारी आक्रोश बना हुआ है। बिजली को लेकर रोज हंगामा, नारेबाजी और प्रदर्शन भी हो रहे हैं। शुक्रवार को जब सैकड़ाें किसान व आम उपभोक्ता बिजली कटौती व लगातार हो रही एफआईआर की शिकायत लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन के पास पहुंचे तो उनका पारा हाई हो गया। उन्होंने कस्बे के पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में विभाग के एक्सईएन वीके सिंह को तलब कर लिया। सपा नेता ने कहा कि झगरार में उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन न होने के बावजूद एफआईआर कैसे दर्ज करा दी गई। गलत तरीके से दर्ज कराई गई इन एफआईआर को वापस लिया जाए और कस्बा व क्षेत्र के लोगों को 20 से 22 घंटे बिजली दी जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ वह कार्रवाई कराने से भी नहीं चूकेंगे। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन, सफीक कुरैशी, चौधरी राजेंद्र सिंह, घनश्याम सिंह प्रधान, विजय शर्मा आदि मौजूद थे।