हाथरस। सिकंदराराऊ के मोहल्ला लश्करगंज से एक तो दबंगों ने दुस्साहसिक तरीके से बिजली की पूरी लाइन ही उखाड़ डाली और अब उसकी मरम्मत नहीं होने दे रही। उनकी दबंगई से लश्करगंज समेत 20 गांवों की बिजली ठप है। करीब 20 हजार की आबादी पिछले पांच दिनों से बिजली से महरूम है। बिजली अधिकारियों की लाख कोशिश के बावजूद प्रशासन और पुलिस से इस लाइन की मरम्मत कराने में कोई मदद नहीं मिल रही, जबकि दबंग लाइन की मरम्मत नहीं होने दे रहे। ऐसे में बिजली अफसरों को उन 20 गांवों का गुस्सा फूटने की चिंता खाए जा रही, जिनकी बिजली ठप है।
अभी तक एसडीओ की तहरीर पर इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज नहीं हो पाया है। आरोपियों के समर्थन में राजनीतिक प्रेशर और दूसरी तरफ पब्लिक के प्रेशर ने बिजली अफसरों के हाथ-पांव फुला रखे हैं। बुधवार को भी उपखंड अधिकारी सिकंदराराऊ अपने सभी जूनियर इंजीनियर व लेबर के साथ मौके पर पहुंचे। खंभा गाढ़ने के लिए आधा गड्ढा ही खुदा था कि महिलाएं फिर विरोध में उतर आईं। दोबारा एक राजनेता के आश्वासन पर फिर जेई के नेतृत्व में टीम गई, लेकिन इस बार महिलाओं ने जेई को घर में बंधक बनाने की कोशिश की, जिससे घबराए जेई लेबर के साथ वापस लौट आए। इस तरह तीन दिन लेबर मौके पर गई, लेकिन दबंग परिवारों की महिलाओं के विरोध के चलते हर बार वापस लौटना पड़ा। एसडीओ ने इस पूरे मामले की जानकारी दोबारा एसडीएम सिकंदराराऊ के अलावा अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता को दे दी। दोनों अधिकारियों ने चीफ इंजीनियर अलीगढ़ व एमडी आगरा को भी इस घटनाक्रम से अवगत करा दिया है और लाइन की मरम्मत में पुलिस-प्रशासन के असहयोग की भी शिकायत की है।
गौरतलब है कि लश्करगंज में मकानों के ऊपर से निकली रही विद्युत लाइन की शिफ्टिंग की मांग कर रहे दबंगों ने पांच दिन पहले तीन खंभों समेत पूरी बिजली की लाइन ध्वस्त कर दी। तीन दिन बाद भी जब इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो तहसील दिवस में शिकायत हुई। एसडीएम के आदेश पर बिजली टीम के साथ गई पुलिस फोर्स काम शुरू होने से पहले ही वहां से वापस लौट आई, जिसके बाद महिलाओं ने बिजली टीम को विरोध करके वापस लौटा दिया था।
---
लाइन शिफ्टिंग को भी शुरू हो चुका था काम
हालांकि लश्करगंज के लोगों की मांग पर बिजली महकमा मकानों के ऊपर से निकल रही लाइन की शिफ्टिंग की तैयारी कर चुका है। इसके लिए पिछले दिनों काम भी शुरू कराया गया, लेकिन एक किसान ने अपने खेत में खंभे गाढ़ने से रोक दिया था, जिससे काम रुका पड़ा है। अधिकारी उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे थे, उससे पहले दबंगों ने पूरी लाइन खुद ही उखाड़ दी।
इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। अगर जल्द ही इन लोगों ने लाइन सही नहीं कराने दी तो मामला शासन तक पहुंचाया जाएगा। किसी को सरकारी संपत्ति से मनमानी नहीं करने दी जाएगी।
एचएस सत्यार्थी, अधीक्षण अभियंता हाथरस
मैंने कल पुलिस को एसडीओ के साथ भेजा था और एफआईआर के आदेश भी दिए थे। आज इसमें क्या हुआ, मुझे जानकारी नहीं है। इस काम में बिजली टीम की पूरी मदद की जाएगी।
शिवदयाल, एसडीएम सिकंदराराऊ