सिकंदराराऊ। अब वध के लिए गौवंश को मुख्य मार्ग से न लाकर संपर्क मार्ग से लाना शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार दोपहर पोरा सिकंदराराऊ मार्ग वाया रतिभानपुर से मैक्स लोडर गाड़ी जिसमें गौवंश लादकर वध के लिए ले जाया जा रहा था उसने ग्राम चांदनपुरा के निकट एक महिला जो कि चारा लेकर आ रही थी उसे टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर घायल हो गई। उसे अलीगढ़ रेफर किया गया है। गौवंश से लदी गाड़ी को कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। इसमें बैठे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। घटना की रिपोर्ट घायल महिला के पुत्र ने मैक्स चालक के खिलाफ दर्ज करा दी है।
बता दें कि एक मैक्स लोडर गाड़ी शुक्रवार दोपहर में पोरा मार्ग से एटा जीटी रोड की तरफ आ रही थी। इसमें बैल बछड़े लदे हुए थे। ग्राम चांदनपुरा के समीप गांव नगला बघे निवासी महिला जलदेवी पत्नी गुलाब सिंह 50 वर्ष खेत से चारा लेकर आ रही थी। तेज रफ्तार गाड़ी ने महिला में जोरदार टक्कर मार दी। इससे महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीेणों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन कर दिया। सूचना पाते ही एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई और महिला को लेकर सीएचसी आई जहां महिला की गंभीर हालत के चलते उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इधर कोतवाली पुलिस ने ग्राम रतिभानपुर पर मैक्स को पकड़ लिया। इसमें सात बैल और बछड़े लदे हुए थे। पुलिस की गाड़ी देख अन्य तीन लोग तो भाग गए लेकिन सतीश उर्फ सोनू पुत्र रघुवीर निवासी ग्राम डेहटा दाऊजी मथुरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि बैलों को क्यों ले जाया ला रहा है उसे नहीं पता। उसे तो सिर्फ दौ सो रुपयों में गाड़ी के साथ जाना था। घटना की रिपोर्ट घायल महिला के पुत्र कैलाश ने मैक्स चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।