सादाबाद। बाइक सवार बदमाश लगातार लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। शुक्रवार को गांव मई और कंजौली के बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने आगरा जा रहे बाइक सवार दो चांदी कारीगरों से साढे़ पांच किलो चांदी के घुंघरू लूट लिए। यह वारदात खंदौली व सादाबाद थानों की सीमा विवाद में उलझकर रह गई। किसी भी थाना पुलिस ने इस घटना को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि पीड़ित ने इस घटना से मई चौकी पुलिस को अवगत कराया था। शुक्रवार को गांव नगला छत्ती निवासी एहसान पुत्र रियाजुद्दीन और गांव नगला मदारी निवासी ज्ञान सिंह पुत्र सूरजा अपनी बाइक से करीब 5 किलो 600 ग्राम चंादी के रौने (घुंघरू) लेकर आगरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक पर हवा में तमंचे लहराते आए तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मारकर गिरा दिया। बदमाशों ने उन पर तमंचे रख दिए और चांदी के रौनों से भरे थैले को लूट लिया और फ रार हो गए। एहसान ने बताया कि घटना मई कजौली के बीच पड़ने वाले एक सैयद से आगे हुई है। घटना के बाद वे मई पुलिस चौकी पहुंचे और वहां घटना की तहरीर दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इधर, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने बताया कि यह घटना उनके थाना क्षेत्र की सीमा में नहीं हुई है और न ही उनके पास घटना की कोई तहरीर आई है। उधर, खंदौली थाना प्रभारी अजय किशोर का कहना है कि लूट की यह घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं है।