हाथरस। स्थानीय मोहल्ला नाई का नगला में शनिवार सुबह रंजिश में कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। दिन-दहाडे़ हुई इस घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे ले लिया। घटना के संबंध में मृतक की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सीयल खेड़ा निवासी 19 वर्षीय गोविंद पुत्र विशन का पिछले काफी समय से मोहल्ले के ही लोगों से विवाद चल रहा था। पिछले कई दिन से वहनाई का नगला में रहने वाली अपनी बुआ शांती देवी के घर पर रह रहा था। शनिवार की सुबह घर के सभी लोग काम करने बाहर गए हुए थे। तभी कुछ लोग घर में घुस आए। इन लोगों को देखकर घर में मौजूद किशोरी चीखने-चिलाने लगी तो इन लोगों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। आरोप है कि बाद में इन लोगों ने गोविंद के गले में रस्सी का फंदा डाल दिया और उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में यह लोग वहां से भाग गए। यह देखकर किशोरी की चीख निकल गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। दिन-दहाड़े हुई इस घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में मृतक की मां सुमन ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में सीयल खेड़ा निवासी सगे भाई राजा, खड़का और संग्राम व कुछ अन्य लोगों द्वारा उसके पुत्र की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने की बात कहीं गई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बड़गोती का कहना है कि दोनों में रंजिशन विवाद चल रहा था। हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कराई जा रही है।