हाथरस। रेल यात्री ट्रेनों में असुरक्षित हैं। इस बात को एक बार फिर उत्तर मध्य रेलवे के ट्रैक पर जिले में मिले दो शवों ने पुष्ट कर दिया। सोमवार की सुबह उत्तर मध्य रेलवे के अप ट्रैक पर एक शव हाथरस जंक्शन और पुरा स्टेशनों के मध्य मिला तो शाम को एक शव पोरा और जलेसर रोड स्टेशनों के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ही शवों को आउटर के बाहर होने के कारण थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सोमवार की सुबह करीब 7 बजे स्टेशन मास्टर पोरा चंद्रमोहन कुलश्रेष्ठ निवासी हाथरस जंक्शन ने हाथरस जंक्शन और पोरा के मध्य अप ट्रैक पर एक शव के पडे़ होने की सूचना दी, जिसकी जानकारी होने पर स्टेशन अधीक्षक ने मामले की तहकीकात के लिए मीमो थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को भेज दिया। पुलिस इस शव का पंचनामा भी नहीं भर पाई थी कि शाम को फिर स्टेशन मास्टर को पोरा और जलेसर रोड स्टेशनों के बीच अप ट्रैक पर ही एक और शव पड़ा होने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने इस शव की भी तहकीकात की। दोनों ही शवों के अप ट्रैक पर होने के कारण माना जा रहा है कि टूंडला से चलकर अलीगढ़ और दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में से ही किसी ट्रेन में से हत्या के बाद यह दोनों शव फें के गए हैं। पुलिस मामलों की तहकीकात में लगी है। दो दिन पहले ही जलेसर रोड पर ही युवतियों से छेड़खानी के बाद हुए हंगामे में एक फौजी का पैर कटने से मौत हो चुकी है।