हाथरस। उत्तर प्रदेश पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डीएम को सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश गोस्वामी ने कहा कि पूर्व माध्यमिक शिक्षकों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। सरकार ने अविलंब शिक्षकों की इन समस्याओं का समाधान न किया तो 9 मई 2013 को शिक्षक मजबूरन विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने शिक्षकों की मांगों के बारे में बताया कि 1 अप्रैल 2005 से लागू नई पेंशन नीति को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू किया जाए। पूर्व माध्यमिक शिक्षा परिषद का गठन किया जाए। शैक्षिक गुणवत्ता हेतु पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों, गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा जाए। शिक्षकों को गैर शिक्षण कार्याें से मुक्त किया जाए। संकुल स्तर पर संकुल प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार होने के कारण एक शिक्षक की अतिरिक्त तैनाती की जाए। प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए एक चौकीदार का पद सृजित किया जाए। विद्यालय में नियुक्त सफाई कर्मी का मानदेय 450 मासिक किया जाए। इस प्रकार शिक्षकों की 27 मांगों को पूर्ण करने के मुद्दे वक्ताओं ने धरने में उठाए। धरने का संचालन संघ के मंत्री रमेश चौधरी ने किया। धरने में प्रमुख रूप से शिक्षक श्रीकृष्ण गोपाल, किशनवीर सिंह, बलवीर सिंह, लोकेंद्र गौतम, राजवीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मुरारीलाल, राकेश कुमार निमेश, राजेश गौतम, मुताउल गफ्फार खां, तेजवीर सिंह, रुद्र प्रकाश गुप्ता, दीपक गुप्ता, गिर्राज किशोर, सतेंद्र कुलश्रेष्ठ, दयाचंद, संजय सिंह, हरिओम, जयशंकर सारस्वत, वकील साहब, मुन्नीदेवी, धर्मेंद्र सारस्वत, गजेंद्र विमल, रमेश चौहान, देवेंद्र पाल सिंह, प्रमोद शर्मा, अनिल कुमार, सोहन सिंह, महेशचंद्र आदि प्रमुख थे।