हाथरस। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में फिर पानी को लेकर हाय-हाय मची। पालिका बोर्ड की बैठक में सभासदों ने पानी की किल्लत को लेकर जमकर हंगामा काटा और अपनी टेबिलों में रखी पैक्ड बोतलें फेंक दी। सभासदों का कहना था कि शहर की जनता प्यासी है तो ऐसे में वह पैक्ड पानी नहीं पीएंगे। हालांकि पालिका के ईओ ने उन्हें विश्वास दिलाया कि शहर में जल्द ही इंडिया मार्क टू नल ठीक होंगे और पेयजल की किल्लत भी दूर की जाएगी, फिर भी सभासदों का विरोध जारी रहा। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सबसे ज्यादा पानी की किल्लत क ा मसला ही उछला। जैसे ही बैठक शुरू हुई, वैसे ही सभासद मनीष अग्रवाल, वैभव गौतम, देवेंद्र शर्मा आदि ने पानी की समस्या को उठाया। इन सभासदों ने यह कहकर हंगामा करना शुरू कर दिया कि शहर की जनता प्यासी है। लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा। कुछ सभासदों के सामने पानी की बोतलें रखी थीं। इन सभासदों ने बोतलों को फेंक दिया और हो-हल्ला मचाया। इन्हें पालिकाध्यक्ष डॉली माहौर और ईओ नन्हकू ने जैसे-तैसे शांत किया। ईओ ने उन्हें भरोसा दिया कि जिला योजना की बैठक में यह समस्या उठी है और जल्द ही जल निगम नलकूपों को रिबोर कराएगा। साथ ही इंडिया मार्क टू नल भी ठीक कराएगा।