सिकंदराराऊ। प्रदेश में लगातार गहरा रहे विद्युत संकट के चलते और बिजली की दरों में वृद्धि के विरोध में रविवार को भाजपाइयों ने नगर में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और बस स्टैंड पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
जुलूस से पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज वैश्य ने कहा कि पूरे प्रदेश में विद्युत का अभूतपूर्व संकट चल रहा है। प्रदेश सरकार बिजली की आपूर्ति को पटरी पर लाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। श्याम मूर्ति वार्ष्णेय ने कहा कि बिजली के संकट के चलते व्यापार तो पूरी तरह चौपट हो गया है साथ ही पानी तक के लाले पड़ गए हैं। पूर्व नगर अध्यक्ष कुंज बिहारी माहेश्वरी ने कहा कि संकट से निपटने में अक्षम प्रदेश सरकार ने बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर जनता की कमर पर एक और चाबुक जड़ दिया है। गौरव वार्ष्णेय ने कहा कि वीवीआईपी जिले भी बिजली संकट के लिए जिम्मेदार हैं। शिवचरन माहेश्वरी ने कहा कि लैपटॉप बांटने से बिजली समस्या दूर नहीं होगी। बिजली न आने से लैपटॉप कैसे चलेंगे, मुख्यमंत्री ये बताएं। नगर में भाजपाइयों ने जुलूस निकालकर जोरदार नारेबाजी की। बस स्टैंड पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान राजेंद्र कुमार सूफी, बनवारी लाल, रिंकू जैन, रईस कु रैशी, योगेश वर्मा, सचिन वार्ष्णेय, पंकज, अभिषेक आदि मौजूद रहे।