हाथरस। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला कली में बीती रात लुटेरों ने धाबा बोला। इस दौरान एक मकान में घुसकर लुटेरों ने हथियारों के बल पर नकदी, गहने सहित लाखों का माल लूट लिया और फरार हो गए। इसी दौरान रास्ते में जाते समय एक बुजुर्ग महिला के कानों के कुंडल भी लूट ले गए। बदमाशों ने इस परिवार के लोगों को धमकी दी कि शोर मचाया तो इकलौते बेटे गोविंदा की हत्या कर देंगे।
जिले में बदमाशों का तांडव रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात हथियार बंद करीब आधा दर्जन लोग नगला कली के रामशरण गौतम के पुत्र राधारमण गौतम के मकान में घुस गए। इस दौरान बदमाशों ने परिजनों के साथ मारपीट करते हुए नकदी एवं जेवरात देने को कहा। परिजनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने घर के इकलौते पुत्र गोविंदा को पकड़कर हत्या करने की धमकी देते हुए इसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया। इस पर परिवार की सभी महिलाओं ने अपने जेवर और घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी बदमाशों के हवाले कर दी। बदमाश घर से निकल रहे थे इसी दौरान रास्ते में मिली बुजुर्ग महिला रामादेवी पत्नी करन सिंह के कानों के कुंडल भी लूट लिए और भाग गए। घटना की तहरीर मुरसान पुलिस को सौंपी गई है।