हाथरस। समाजसेवी राजबाबू कालरा का रविवार की देर रात्रि दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में देहांत हो गया। उनके निधन की जानकारी मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को शहर के कई बाजार और शराब की दुकानें बंद रहीं। सेठ हरचरन दास गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी अवकाश घोषित कर दिया गया। राजबाबू कालरा कई सामाजिक, धार्मिक व शैक्षिक संस्थाओं से जुड़े हुए थे। शहर के वयोवृद्ध समाजसेवी राजबाबू कालरा (85 वर्षीय) पिछले एक माह से बीमार थे। उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी और वह दिल्ली के अपोलो हॉस्पीटल में भर्ती थे। वह सेठ हरचरन दास गर्ल्स कॉलेज की समिति के अध्यक्ष थे। शोक में पंजाबी मार्के ट, सिकंदराराऊ मार्ग सहित कई इलाकों के बाजार बंद रहे। राजबाबू कालरा यहां गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार समिति के भी प्रेसीडेंट थे। सोमवार को उनका शव हाथरस में गुड़िया वाला पेच स्थिति उनके आवास पर लाया गया तो वहां शहर भर के लोगों की भीड़ लग गई। उनके पार्थिव शरीर को उनके बेटे तजवंत कालरा और उनके भाई सामान कैलाश चंद्र जैन दिल्ली से लाए। डीएम सूर्यपाल गंगवार, सीएमओ डॉ. आरपी सिंह, एसडीएम सदर धर्मेंद्र सिंह, विधायक देवेंद्र अग्रवाल, विधायक चौधरी गेंदालाल, बसपा के लोकसभा प्रत्याशी मनोज सोनी, पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान, पूर्व विधायक यशपाल लिंह चौहान, मनोज यादव, युवराज सिंह यादव, श्यामसुंदर शर्मा बंटी, रामनारायण काके सहित कई अधिकारी, व्यापारी और नेताआें ने उन्हें श्रद्धांजलि दे। देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।