हाथरस। नो पार्किंग जोन में पुलिस ने सुबह तो डंडा चलाया और वाहन चालकों को दौड़ाया, लेकिन उसके बाद फिर वाहन चालक इसका खौंफ भूल गए। उन्होंने नो पार्किंग जोन में ही सवारियां चढ़ाई और उतारीं। इसकी वजह से लोगों को जहां जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। हादसों का भी डर रहा। इधर, ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के भी चालान काटे। डीएम ने शहर के जाम से मुक्ति दिलाने के दिए दो दिन पहले नो पार्किंग जोन की योजना बनाई थी। इसके लिए यह तय किया गया था कि तालाब चौराहे पर आगरा, अलीगढ़, सिकंदराराऊ और मथुरा मार्गों पर 500 मीटर की दूरी तक किसी वाहन को न रोकने की परमीशन न दी जाए और न ही वह सवारी चढ़ाएं और उतारें। अक्सर इस क्षेत्र में डग्गेमार वाहन और रोडवेज बसें रुकती हैं और जाम भी इन्हीं के रुकने की वजह से लगता है। टेंपो चालक भी यहीं से सवारी बैठाते और चढ़ाते हैं। नो पार्किंग जोन व्यवस्था को लागू करने के लिए बुधवार को पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सबसे पहले टेंपो चालकों की खबर ली और फिर जीप चालकों की, जिससे उनमें खलबली मच गई और वह वहां से इधर-उधर हो गए। इसके अलावा त्योहार के मौके पर दुपहिया वाहन भी काफी संख्या में नियमों को धता बताते हुए दौड़े। किसी पर तीन से लेकर पांच सवारियां थीं तो कोई बाइक सवार बिना कागजात के ही रास्ते में था। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के चालान किए।