सिकंदराराऊ। कस्बे के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी में रविवार शाम को बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवती को बेहोश कर दिया और उसके घर से 64 हजार रुपये नकद और करीब छह तोला सोने के आभूषण ले गए हैं। इस संबंध में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।
रविवार की शाम करीब 5 बजे मोहल्ला निवासी युवक शकील पुत्र बुंदू अपने घर में सो रहा था। पास में ही बीमार बहन सोनम सो रही थी। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुस आए तथा सोनम को कुछ सुंघा कर बेहोश कर दिया। अंदर कमरे में घुस गए। अंदर रखे समान की तलाशी ली गई और अलमारी में रखे 64 हजार रुपये तथा छह तोले के सोने के आभूषण लूट ले गए। जब इस घर की एक सदस्य घर पहुंची तो उसने घर में सारा सामान बिखरा देखा। वह अंदर गई तो सोनम बेहोश पड़ी थी। यह देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सोनम मो होश में लाया गया। होश में आने के बाद सोनम ने बताया कि भाई शकील की तबियत भी ठीक नहीं थी वे दवा खाकर सोए थे। तभी चार लोग घुस आए। मुंह पर कुछ सुंघा दिया। उसके बाद उसको कुछ होश नहीं रहा।