हाथरस। आगरा-अलीगढ़ रोड के समानांतर बाईपास का काम पूरा होने में करीब छह माह का वक्त लगने की उम्मीद प्रशासनिक अधिकारियों एवं एनएचएआई के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है, लेकिन मथुरा-बरेली राजमार्ग पर हतीसा के निकट एप्रोच रोड बनाने को लेकर निर्माण इकाई को अभी तक एनएचएआई से निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं, जिससे आने वाले समय में शहर की जनता के आने-जाने में मुसीबत खड़ी हो सकती है। इस संबंध में सपा नेता अजय शर्मा द्वारा आरटीआई में मांगी गई सूचना में प्राधिकरण ने एई स्तर पर इस मुद्दे का परीक्षण लंबित होने की जानकारी दी है।
शहर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 93 के चौड़ीकरण और शहर की जनता को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में अब तक जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण में आ रही अधिकांश सभी समस्याओं का समाधान करते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजे की कार्रवाई 90 प्रतिशत से अधिक पूरी कर ली है। बाईपास का निर्माण करा रही निर्माण इकाई ने इस बाईपास का निर्माण और हतीसा पर ओवरब्रिज निर्माण के कार्य को तेजी से पूरा करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, जिससे शासन से निर्धारित अवधि में इस काम को पूरा किया जा सके।
इस हालात के बारे में अपर जिलाधिकारी उदयीराम ने बताया कि अगर कोई बड़ा व्यवधान नहीं आया तो उम्मीद है कि यह काम प्राधिकरण की नियत तिथि से पूर्व ही पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक इसके लिए भूमि अधिग्रहण का अधिकांश काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने हतीसा पर कनेक्टिविटी रोड के बारे में बताया कि प्राधिकरण ने निर्माण इकाई को यह काम कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने जल्द आदेश प्राप्त होने की संभावना व्यक्त की है।