सासनी। ग्राम गौहाना के निकट बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। शव के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान 22 वर्षीय बबलू पुत्र शेर सिंह निवासी मोहल्ला जामुन वाला सासनी के रूप में हो गई। बबलू सासनी के अंजू प्रियंका डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। बबलू परिजनों को बगैर बताए घर से अचानक गायब हो गया था। हालांकि परिजन उसकी तलाश करते रहे।, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताते हैं कि बबलू घरेलू परिस्थितियों के कारण मानसिक तनाव से ग्रस्त था। इस कारण उसने ट्रेन के आगे लेटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बुधवार की सुबह ग्राम गौहाना के ग्रामीणों ने ट्रैक पर खून से लथपथ उसका शव देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर लोगों का तांता लग गया। पुलिस भी पहुंच गई। काफी समय तक शव की शनाख्त नहीं हो पाई। शव के पास मिले मोबाइल से की गई कॉल के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त बबलू के रूप में कर ली। शव देखकर परिजन सिर पटक-पटक कर विलाप करने लगे। परिवार में करुण-क्रंदन शुरू हो गया। मोहल्ले में मातम पसर गया। शव की पहचान होने के बाद ही पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई की है।