सिकंदराराऊ (हाथरस)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता का गांव के ही दो सगे भाइयों ने अपहरण कर लिया और बेटी को कब्जे में लेकर विवाहिता से हथियारों के बल पर 42 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसे गाजियाबाद और गढ़मुक्तेश्वर में रखा गया। विवाहिता का अपहरण अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र के गांव रतरोई के पास से उस समय किया गया, जब वह अपनी बच्ची को दवा दिलवाने गई थी। पीड़िता ने मंगलवार को तहसील दिवस में डीएम के सामने पेश होकर अपने साथ हुई हैवानियत की दास्तां सुनाई और इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बता दें कि विवाहिता 13 मार्च को रतरोई गंगीरी के पास अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को दवा दिलाने गई थी। वहीं पर इसे ग्राम निवासी दो युवक मिले। उन्होंने यह कहकर उसे बाइक पर बिठा लिया और कुछ किमी दूर भदरोई गांव तक ले गए। वहां पर पहले ही गाड़ी खड़ी थी। विवाहिता को जबरिया गाड़ी में डालकर बेहोश कर दिया गया। उसे गाड़ी से गाजियाबाद के गांव तिगड़ी ले जाया गया। जहां विवाहिता को एक कमरे में बंद कर दिया गया। रात्रि में ही उसकी बेटी को बंधक बना लिया और तमंचों के बल पर दोनों भाइयों ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद नियमित रूप से दोनाें भाई विवाहिता को अपनी हवस का शिकार बनाते रहे। इधर, पीड़िता के पति ने पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिली। जानकारी अवश्य हो गई कि गांव का ही एक युवक विवाहिता को ले गया है। मामले की रिपोर्ट कोतवाली सिकंदराराऊ में एक भाई के खिलाफ 4 अप्रैल को दर्ज करा दी गई। गाजियाबाद के बाद महिला को गढ़ मुक्तेश्वर ले जाकर एक मकान में रखा गया। वहां भी एक भाई ने उससे दुष्कर्म किया। दूसरा भाई हालात जानने के लिए गांव आ गया। रिपोर्ट के बाद बाजीदपुर चौकी पुलिस ने पीड़िता के पति के साथ उसे तलाश किया। इतने दिन तक दुष्कर्म करने के पश्चात जब दोनों भाइयों को लगा कि मामला फंस रहा है तो महिला को नोएडा में एक रिश्तेदार के घर के पास छोड़ा गया। वहां से महिला ने पति को फोन किया और बेटी के साथ गांव आ गई। मंगलवार को विवाहिता पति और बेटी के साथ तहसील दिवस में डीएम सूर्यपाल गंगवार के समक्ष पेश हुई। एसपी दिनेशपाल सिंह ने पूरा मामला सुना और कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पीड़िता को चिकि त्सकीय परीक्षण के लिए हाथरस भेजा है।