हाथरस। निकाय चुनाव के मतदान तक ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) में आने वाले नगरीय क्षेत्रों को शासन ने बिजली कटौती से मुक्त कर दिया है। चुनाव तक हाथरस और सादाबाद के नगरीय क्षेत्रों को 24 घंटे बिजली के आदेश दिए गए हैं, जिसके बाद कंट्रोल से यहां की कटौती रोक दी गई है। यह आदेश 24 जून की आधी रात तक लागू होगा। मतलब इसके बाद फिर शहरवासियों को बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही जिले में ताबड़तोड़ बिजली कटौती का जो सिलसिला शुरू हुआ है, उसकी चपेट में टीटीजेड के कटौतीमुक्त क्षेत्र में आने वाले हाथरस और सादाबाद भी आ रहे थे। इन दोनों नगरीय क्षेत्रों में भी पिछले तीन महीनों से 8 से 10 घंटे की बिजली कटौती हो रही है। दिन में चार-चार बार कंट्रोल से बिजली की कटौती करवाई जा रही है। बताते हैं कि सत्ताधारी दल के नेताओं ने इसकी शिकायत शासन से की और समझाया कि बिजली कटौती का उन्हें निकाय चुनाव में बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। लिहाजा इस पर अंकुश लगाना जरूरी है। यही वजह है कि अब सीधे यूपीपीसीएल मुख्यालय ने मुरादाबाद प्रणाली नियंत्रण कक्ष को यह आदेश भेजा है कि टीटीजेड के हाथरस व सादाबाद क्षेत्रों को 24 जून तक इमरजेंसी कटौती से बिल्कुल मुक्त कर दिया जाए। इस आदेश की प्रति दोनों विद्युत वितरण खंडों को भी भेजी गई है। इस आदेश के बाद हाथरस शहर में कंट्रोल से होने वाली कटौती पर फिलहाल तो रोक लग गई है। अधिशासी अभियंता शहर यूसी वर्मा का कहना है कि कंट्रोल से इस बारे में आदेश आ चुका है और फिलहाल शहर में वहां से कोई कटौती नहीं कराई जा रही।