हाथरस। भीषण गरमी के तल्ख तेवरों की वजह से हर किसी का हाल-बेहाल है। सुबह से लेकर शाम तक आसमान से आग बरसी और लू के थपेडे़ शरीर पर नश्तर की तरह वार करते रहे। रविवार को पूरे दिन यही हालात रहे। गरमी के रोद्र रूप की वजह से पूरा का पूरा जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा। लोग गरमी की वजह से काफी बेचैन रहे।
इन लोगों ने गरमी से निजात पाने के लिए तरह-तरह के जतन किए, लेकिन यह नाकाफी रहे। भीषण गरमी में एसी, कूलर और पंखे भी लोगोें को राहत नहीं दे पा रहे। रविवार को लोगों को ऐसा लगा कि जैसे यह दिन इस मौसम का सबसे गरम दिन हो। जुलाई के महीने में अभी तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है और लोग हीट स्ट्रोक झेल रहे हैं। गरमी की वजह से हालत यह रही कि बाजारों में दिन में सन्नाटा छाया रहा और लोग काफी परेशान दिखाई दिए। मजबूरी में ही लोग घरों से बाहर निकले। गरमी ने लोगों की प्यास काफी बढ़ा दी और लोगों ने अपना गला तर करने के लिए ठंडे पानी का सहारा लिया। कई स्थानों पर तो लोगों को ठंडा पानी भी नहीं मिला। पशु-पक्षी भी भीषण गरमी से व्याकुल दिखाई दिए।