हाथरस। उत्तर-मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन से पहले गेट संख्या 9300 के पास ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन का हॉज पाइप फटकर गिर गया। इस कारण यह ट्रेन करीब तीन घंटे तक हाथरस जंक्शन के लूप लाइन पर खड़ी रही। इस वजह से हाथरस से चलकर दिल्ली तक जाने वाली एचएडी पैसेंजर ट्रेन भी करीब एक घंटा विलंब से दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। उत्तर-मध्य रेलवे के पोरा स्टेशन से रविवार की तड़के 2.55 बजे 4055 अप ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस गुजरी। स्टेशन से तीन किलोमीटर आगे गेट संख्या 9300 पर पहुंची ही थी कि अचानक ट्रेन का हॉज पाइप टूटकर गिर गया। चालक ने तत्काल इसकी सूचना हाथरस जंक्शन के स्टेशन मास्टर को दी। इतना ही नहीं, चालक ने ट्रेन को जंगल में खड़ा करने के बजाय धीरे-धीरे हाथरस जंक्शन तक किसी प्रकार लाया गया। ट्रेन को लूप लाइन नंबर तीन पर ले जाया गया। करीब तीन घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही। 5.35 मिनट पर हॉज पाइप सही होने के बाद ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस 5.55 बजे दिल्ली की ओर रवाना हुई। इस कारण एचएडी पैसेंजर हाथरस किला के लिए नहीं आ सकी। हालांकि, स्टेशन अधीक्षक हाथरस जंक्शन ने 6.05 मिनट पर एचएडी को हाथरस किला स्टेशन के लिए रवाना किया गया। हाथरस किला से यह ट्रेन 6.30 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हुई। इस दौरान किला स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खडे़ यात्री काफी परेशान रहे। इस दौरान ट्रेन का इंजन खराब होने आदि की अफवाह भी फैलती रही।
और पढ़ें