हाथरस। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले में गेहूं खरीद का जायजा लिया। 52 क्रय केंद्रों पर 1,525 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदने के लिए सभी एजेंसियों को जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद एक अप्रैल से 15 जून तक सुबह नौ से शाम छह बजे तक की जाएगी।
शनिवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने सभी एजेंसी के प्रभारी अधिकारियों से कहा कि वे केंद्रों पर गेहूं लाने वाले किसानों की की सुविधा के लिए मानक के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गेहूं लाने वाले काश्तकार को केंद्र पर किसी भी तरह की असुविधा या उत्पीड़न नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। डीएम ने क्रय केंद्रों पर बैनर, दो इलेक्ट्रॉनिक्स कांटे, नमी मापक यंत्र, किसानों और मवेशियों को पेयजल, बोरा, पेट्रोमैक्स, वर्षा से बचाव के लिए तिरपाल आदि व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेकर इन व्यवस्थाओं के फोटो व्हाट्स एप पर पोस्ट करने के बारे में सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए।
एडीएम डीपी सिंह ने बताया कि जिले में किसानों से गेहूं खरीदने के लिए खाद्य विभाग के तीन, पीसीएफ के 35, यूपीएसएस के 11, कर्मचारी कल्याण निगम, यूपी स्टेट एग्रो और भारतीय खाद्य निगम का एक-एक केंद्र बनाया गया है। किसानों का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा। डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन द्वारा अभी गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा अभी खेतों में गेहूं की कटाई की जा रही है। 8-9 अप्रैल से क्रय केंद्रों पर किसानों द्वारा गेहूं लाने की संभावना है। बैठक में सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, एआर को-ऑपरेटिव व अन्य अधिकारी भी थे।