कानपुर। एडीएम आपूर्ति आरएन वाजपेयी ने बुधवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह गुजैनी का निरीक्षण किया तो गंदगी मिली। जगह कम होने के कारण किशोर बंदियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी एपी अग्रवाल ने राजकीय संप्रेक्षण गृह में सुधार के लिए एक कमेटी बनाई थी। इसके अध्यक्ष एडीएम आपूर्ति आरएन वाजपेयी है। कमेटी में सीओ स्वरूप नगर, डिप्टी सीएमओ डा. एके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता रोहित पांडेय और कल्पना सिंह को रखा गया है। बुधवार को बतौर कमेटी अध्यक्ष एडीएम आपूर्ति ने राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। किशोर बंदी लूडो खेलते हुए मिले। एक शिक्षिका गैर हाजिर मिली। एडीएम आपूर्ति ने बताया कि पूर्व घोषित निरीक्षण के कारण खाने की स्थिति तो ठीक मिली। जगह कम होने केकारण किशोर बंदियों को दिक्कत होती है। इस बारे में डीएम को रिपोर्ट दी जाएगी। किशोर बंदियों को उम्र के हिसाब से टोलियां बनाकर कमरों में रखने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि किशोर बंदियों केलिए मोबाइल रिपेयरिंग की ट्रेनिंग शुरू की गई है पर वह इसमें दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इस बारे में उन्हें समझाया गया। अधीक्षक छोटेलाल को नियमित रूप से सफाई कराने को कहा गया है।