कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम सतारी में इंटरमीडिएट की छात्रा की आग से जलकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। एक दिन पहले इसी गांव के एक छात्र का रेलवे ट्रेक में शव मिला था। दो दिन के अंदर दो मौतों से गांव में मातम का माहौल है।
ग्राम सतारी निवासी नेहा (17) पुत्री स्व. यशोदा नंदन इंटरमीडिएट की छात्रा थी। गुरुवार की दोपहर वह घर पर थी जबकि परिजन खेतों पर काम करने गए थे। तभी संदिग्ध हालात में किशोरी आग की चपेट में आई। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी। पड़ोसियों ने आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक छात्रा बुरी तरह झुलस गई। छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच करते हुए परिजनों से जानकारी ली है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
इसी गांव के ही इंटर के छात्र गौरव का शव बुधवार को रेलवे ट्रैक में मिला था। जिसमें पुलिस ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। घटना के एक दिन बाद ही गांव की नेहा की आग से जलकर मौत होने की घटना से ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। कोतवाली प्रभारी बृजेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।