आलीपुर खेड़ा। इंडियन आयल कंपनी द्वारा कसबा स्थित गैस एजेंसी से संबद्ध 614 कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं। एजेंसी पर कुल 3350 कनेक्शन हैं। एजेंसी के संचालक संत प्रकाश स्वर्णकार ने बताया कि कनेक्शन एक नाम एवं पता होने के कारण बंद किए गए हैं।
स्वर्णकार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के परिवार अलग हैं वह तुरंत एक शपथ पत्र, फोटो, राशन कार्ड, वोटर कार्ड आदि लगाकर केवाईसी फार्म भरकर जमा करें। जिससे उनके कनेक्शन दोबारा चालू किए जा सकें। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि 15 सितंबर तक ही बंद कनेक्शन चालू कराए जा सकेंगे। इसके बाद स्वत: उनके कनेक्शन रद कर दिए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी खुद उपभोक्ता की होगी। वहीं उपभोक्ता देवेंद्र सिंह राजपूत, सरमन पाल, प्रमोद राजपूत, श्याम सुंदर शाक्य, प्रदीप शाक्य आदि का कहना है कि वह अपने माता-पिता एवं भाइयों से अलग रहते हैं। उसके बाद भी उनके कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं।
- इनसेट -
गैस किट लगे वाहनों से ढो रहे बच्चे
आलीपुर खेड़ा (ब्यूरो)। कसबे में निजी स्कूलों द्वारा गैस किट लगे खटारा वाहनों से बच्चों को ढोया जा रहा है। जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। कसबा निवासी रामदेव का कहना है कि खटारा वाहनों में बच्चों को भूसे की तरह भरकर लाया जाता है। एक वाहन में 30-30 बच्चों तक को भरा जाता है। जबकि प्रशासन ने गैस किट लगे वाहनों से बच्चों को ढोने पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद भी प्राइवेट स्कूलों के संचालक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।