मैनपुरी/कुरावली। घर से दूध बेचने निकले दूधिया का दो दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। उसकी साइकिल और दूध की टंकी एक भट्ठे के पास पड़ी मिली है। दूधिया के पुत्र ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है।
एटा के थाना जैथरा के बेगमपुर निवासी भारत सिंह लोधी (40) पुत्र नेकसे लाल कई साल पहले कुरावली आ गए थे। उन्होेंने कुरावली के मोहल्ला घरनाजपुर में मकान बना लिया और दूध बेचने का काम करने लगे। वह रोजाना सुबह साइकिल लेकर एटा क्षेत्र के बेगमपुर और कपुरपुर से दूध खरीदने जाते थे। नौ फरवरी को भी वह दूध लेने गए थे लेकिन घर नहीं लौटे। इस पर परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रविवार की शाम भारत का पुत्र पंकज उन्हें तलाश करते हुए कुबेरपुर भट्ठे के पास पहुंचा, तो यहां टीले पर भारत की साइकिल पड़ी मिली। टंकी में भरा दूध फैला हुआ था। जानकारी की तो पता चला कि शनिवार की शाम भारत ने नाव से नदी पार की थी। उस समय नाव में आठ-दस लोग और भी थे। नदी पार करने के बाद ही भारत गायब हो गया।
पंकज ने इसकी जानकारी परिवारीजनों को दी। भारत के गायब होने से उसकी पत्नी ओमवती, पुत्री प्रीती और पुत्र पंकज का बुरा हाल है। पंकज ने पिता के अपहरण की आशंका जताते हुए थाना कुरावली में तहरीर दी है। पुलिस ने थाना जैथरा क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी है। भारत जिन लोगों के यहां से दूध लेकर आता था पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की है।