करहल/सहारा। सर्व शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों से ‘स्कूल चलो’ रैली निकालकर बच्चों का पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है। शनिवार को निकाली गई रैली में शामिल बच्चों ने गांवों का भ्रमण कर अभिभावकों को जागरूक किया। बच्चे हाथों में शिक्षा जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी हुई पट्टिकाएं लिए हुए चल रहे थे।
करहल क्षेत्र के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय कमलपुर के बच्चों ने ‘स्कूल चलो’ अभियान के तहत रैली निकाली। रैली को ग्राम प्रधान कृपाशंकर दुबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने गांवों में भ्रमण कर अभिभावकों को जागरूक किया। हाथों में पकड़ी तख्तियों पर अलग-अलग स्लोगन लिखे हुए थे। नारे लगा रहे थे ‘शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन’, ‘पढ़ी लिखी लड़की, रोशनी घर की’, ‘स्कूल हम जाएंगे, देश को महान बनाएंगे’, ‘पढ़ा लिखा लड़का, चिराग बना घर का।’ इस मौके पर एबीआरसी ब्रजेश कुमार यादव, अशोक कुमार पाल, हरिओम, शिवपाल यादव, विनीता पचौरी, वंदना आदि शामिल थे।
सहारा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बवीना के बच्चों की रैली को प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। प्राथमिक विद्यालय भनऊ, प्राथमिक विद्यालय भवीचंदपुर के बच्चों ने गांवों में रैली निकाली। बच्चे नारे लगा रहे थे कि ‘बिना पढ़े कक्का, दर-दर खाएं धक्का’ आदि नारे लगा रहे थे। रैली में ब्रजेश कुमारी, वीरेश, प्रदीप, शरद यादव, आलोक कुमार, अंशू पाठक आदि शामिल थे।
------------------------
...ताकि पढ़ाई से वंचित न रहे कोई बच्चा
बिछवां। विकास खंड सुल्तानगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लहरा में साक्षरता अभियान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, पंचायत सेक्रेटरी एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी में संकुल प्रभारी हरविलास यादव ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में कराना चाहिए। सरकार की मंशा है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। अभिभावकों की हर संभव मदद सरकार कर रही है। बच्चों में एकरूपता लाने के लिए पहले एक ड्रेस लेकिन अब दो-दो ड्रेसें दी जा रही हैं। गरीब बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए मध्याह्न में पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। नि:शुल्क किताबें दी जा रही हैं। छात्रवृत्ति दी जा रही है। सर्दी के मौसम में बचने के लिए अगले सत्र से बच्चों को गर्म स्वेटर प्रदान करने का प्रावधान सरकार करने जा रही है।
कमला देवी ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वह परिषदीय विद्यालयों में ही बच्चों का पंजीकरण कराएं। प्राइवेट संस्थानों में महंगे शुल्क से बचें। विजय कुमार ने कहा कि अपने भविष्य को देखते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। इस मौके पर सरनाम सिंह, अरविंद कुमार, राजेश, महिपाल, सोबरन सिंह, सिया देवी, रामकुमार आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
--------
शिक्षकों को आत्म चिंतन की जरूरत
घिरोर (ब्यूरो)। राजकीय कन्या इंटर कालेज के सभागार में शनिवार को ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं प्रेरकों की बैठक हुई। इसमें बीएसए वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि तमाम प्रयासों के बाद भी बेसिक शिक्षा में सुधार नहीं हो रहा है। इस पर शिक्षकों को आत्म चिंतन की जरूरत है। सरकार शिक्षा में वृद्धि के लिए मुफ्त पुस्तकें, ड्रेस, वजीफा, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था कर रही है। फिर भी निजी संस्थानों से तुलना में परिषदीय विद्यालयों में गिरावट नजर आती है। उन्होंने शिक्षकों को सलाह दी कि वह आत्म चिंतन करें। ईमानदारी से सोचने पर अपनी कमियां नजर आ जाएंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाएं। अधिकांश शिक्षक विद्यालय विलंब से आते हैं। महिला शिक्षकों के बारे में समाज में एक गलत धारण बन गई है कि वह पढ़ाती नहीं हैं। उन्होंने महिला शिक्षकों से आग्रह किया कि वह अपने दायित्व का निर्वहन करें। इस मौके पर एबीआरसी अवनीश कुमार, सतीश चंद्र, अवधेश कुमार, मुकेश चंद्र, मुकेश कुमार, अरविंद सिंह, गौरव रायजादा आदि ने भी विचार व्यक्त किए।